अंतर्जनपदीय शिक्षकों ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। साथ ही प्रथम नियुक्ति के आधार पर उन लोगों को प्रमोशन दिलाने की मांग की। इसको लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित मांगपत्र एडीएम (प्रशासन) को दिया गया।
एसोसिएशन के शिक्षकों ने बताया कि शैक्षणिक वर्ष 2012-13 और 2013-14 में प्रदेश शासन ने करीब 44 हजार शिक्षकों का अंतर्जनपदीय ट्रांसफर किया था। इस वजह से उनकी वरिष्ठता का निर्धारण जिले में पोस्टिंग की तिथि से किया जा रहा है। इस वजह से उन लोगों को प्रमोशन नहीं मिल पा रहा, जबकि उन लोगों ने दूसरे जिलों में भी शिक्षण कार्य किया है। उन्हें प्रमोशन नियुक्ति की तिथि के अनुसार मिलना चाहिए। कहा कि उन लोगों को बेसिक शिक्षा मंत्री की ओर से आश्वासन भी दिया गया था, लेकिन किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई। शिकायत करने वालों में जिलाध्यक्ष मुकेश कुमार, अनूप कुमार, पंकज यादव, पवन किशोर, अरुण त्रिपाठी, कमलेश कुमार, सुधीर, आलोक दुबे, अमित गुप्ता, नीतू आर्य आदि मौजूद रहे।