पुलिस लाइंस में 64वीं अंतर्जनपदीय पुलिस हैंडवाल और हॉकी प्रतियोगिता शुरू हो गई। तीन दिवसीय प्रतियोगिता का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक आरपीएस यादव ने किया।
उद्घाटन के बाद सुबह के सत्र में शुरू हुई हैंडबाल प्रतियोगिता का पहला मैच मुरादाबाद और बरेली के मध्य हुआ, जिसमें मुरादाबाद ने 7-5 से जीत दर्ज की। दूसरे मैच में रामपुर ने अमरोहा को एकतरफा मुकाबले में 11-0 से तथा तीसरे मैच में बदायूं ने पीलीभीत को 5-2 से पराजित कर अगले चक्र में प्रवेश किया। इधर, हॉकी प्रतियोगिता टाउनहाल क्लब के हरे-भरे मैदान में शुरू हुई। पहले दिन मुरादाबाद ने बदायूं को 4-2 से, दूसरे मैच में रामपुर ने बिजनौर को 5-2 से और तीसरे मुकाबले में बरेली ने मुरादाबाद को 3-2 से पराजित किया। यह मुकाबले का परिणाम टाई ब्रेकर से निकाला गया। प्रतिसार निरीक्षक विक्रम सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में बरेली जोन की सात टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। उद्घाटन अवसर पर एसपी ग्रामीण आशाराम यादव, एसपी नगर राजेश कुमार, सीओ लाइंस उमेश शर्मा, सीओ सिटी राजेश्वर सिंह, सीओ सदर विजय शंकर मिश्र आदि मौजूद रहे।
डेढ़ घंटे बाद हुई उद्घाटन की औपचारिकता
लेटलतीफी के लिए पुलिस वैसे भी बदनाम होती रहती है, लेकिन अपने विभागीय खेल में भी अधिकारी फिसड्डी साबित हुए। तीन दिवसीय अंतर्जनपदीय हैंडबाल और हॉकी प्रतियोगिता का उद्घाटन डीआईजी आरकेएस राठौर को करना था, लेकिन वह किन्हीं कारणों से नहीं आ सके। इसके बाद एसपी ने डेढ़ घंटे बाद उद्घाटन की औपचारिकता पूरी की। इस बीच बाहर से आए खिलाड़ी मैदान में टकटकी लगाए मुख्य अतिथि की प्रतीक्षा करते रहे।