जैतीपुर की खेड़ा रठ पीएचसी पर मरीज देखते सीएचसी प्रभारी। स्रोत: स्वास्थ्य विभाग
जैतीपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. शजर ने शुक्रवार को खेड़ा रठ गांव जाकर वहां के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और वहां के प्रसव कक्ष का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने बृहस्पतिवार को पीएचसी से बगैर अवकाश के गैरहाजिर रहने वाले कर्मचारियों का जवाब तलब किया।
खेड़ा रठ पीएचसी में कोई डॉक्टर तैनात नहीं होने से वहां फार्मासिस्ट और अन्य कर्मचारियों की देखरेख में मरीजों का उपचार हो रहा है। बृहस्पतिवार को पड़ताल में खेड़ा रठ पीएचसी के प्रसव कक्ष पर सुबह सवा 10 बजे ताला लटका मिला था और वार्डबॉय के अलावा कोई कर्मचारी नहीं मिला। शुक्रवार को खबर प्रमुखता से प्रकाशित होने पर डॉ. शजर ने संज्ञान लेकर खेड़ा रठ पीएचसी पहुंचे। उन्होंने निरीक्षण करने के बाद मरीजों को दवाएं दीं और एक दिन पहले अनुपस्थित रहे कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा। उन्होंने केंद्र में रखे उपकरण देखे और अस्पताल परिसर की सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। अस्पताल की टूटी चहारदीवारी और सामने बह रहे नाले की सफाई के विषय में पूछे जाने बताया कि इस बारे में अधिकारियों से पत्राचार किया जा चुका है। संवाद