कहां है दाना : पुवायां की कान्हा गोशाला में सूखे भूसे में दाने को तलाश करते डीएम। संवाद
- फोटो : संवाद
पुवायां। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने शनिवार को पुवायां, खुटार और बंडा में घूम रहे छुट्टा पशुओं का जायजा लिया। इस दौरान पुवायां नगर पालिका की ओर से संचालित कान्हा पशु आश्रयस्थल में पशु बिना दाने और चोकर के सूखा भूसा खाते मिले।
दोपहर बाद कान्हा पशु आश्रयस्थल पहुंचे डीएम ने लेखपालों से पशुओं की गणना कराई। इसके बाद उन्होंने आश्रयस्थल में गोवंश के लिए हरे चारे, भूसा और पानी की व्यवस्था को देखा। डीएम को आश्रयस्थल में भूसा मिला। पशु बिना हरे चारे और दाने के सूखा भूसा खा रहे थे। इस पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए ईओ कल्पना शर्मा को हरा चारा और दाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
डीएम ने आश्रयस्थल में 12 सीसी कैमरे लगवाने और कैमरों को ईओ, एसडीएम कार्यालय से अटैच कराने, पोताई कराने के निर्देश भी दिए। डीएम ने ईओ को हर सप्ताह आश्रयस्थल का मुआयना करने के निर्देश भी दिए।
डीएम ने एसडीएम चित्रा निर्वाल से कहा कि, सहभागिता योजना के तहत दिए गए ईयर टैग वाले गोवंश सड़कों पर पाए जाते हैं, तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इसके अलावा सड़कों पर गायों को छोड़ने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीएम ने डीडीओ ऋषिपाल और बीडीओ आरपी राना से कहा कि किसी भी दशा में सड़कों पर गोवंशीय पशु दिखाई न दें। दिवाली के बाद वह फिर मुआयना करेंगे, पशु सड़कों पर दिखे तो कार्रवाई की जाएगी।