लखीमपुर खीरी। जाति प्रमाणपत्र न बनने से नाराज एक सिख दंपती जहर लेकर अचानक डीएम कार्यालय पहुंच गए। बताया जा रहा है कि दंपती ने डीएम के सामने विषाक्त पदार्थ खाने की कोशिश की, यह देख डीएम ने उन्हें रोका और कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस दंपती को लेकर कोतवाली आई, जहां उन्हें 151 में पाबंद कर दिया गया।
थाना सिंगाही के ग्राम रमुआपुर निवासी बलबीर सिंह ने अपना जाति प्रमाणपत्र बनवाने के लिए आवेदन किया था। इसको लेकर वह काफी समय से अधिकारियों के चक्कर काट रहे थे। बताया जाता है कि बलबीर सिंह जिस जाति का प्रमाण पत्र बनवाना चाहते थे, इसके लिए पात्र नहीं हैं। इसी के चलते उनका प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहा था।
मंगलवार को दबाव बनाने के चक्कर में बलबीर अपनी पत्नी जसवीर कौर के साथ डीएम कार्यालय पहुंचे। कर्मचारियों ने बताया कि दंपती के पास एक शीशी थी, जिसमें विषाक्त पदार्थ था। पूरा मामला डीएम को सुनाने के बाद वह विषाक्त पदार्थ खाने की कोशिश करने लगे। इसी दौरान कर्मचारियों ने शीशी छीनी और पुलिस को सूचना दी। शहर कोतवाल हेमंत राय ने बताया दोनों को 151 में पाबंद किया गया है।