व्यापारियों को आपराधिक घटनाओं से बचाने और ऐसे मामले में उन्हें त्वरित न्याय दिलाने के लिए व्यापारी सुरक्षा सेल की मांग विभिन्न मंचों से उठा चुके व्यापारी बुधवार को सड़क पर उतर आए। उन्होंने मांग पूरी नहीं किए जाने के विरोध में कलक्ट्रेट जाकर प्रदर्शन किया। इसके बाद जिलाध्यक्ष विमल गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारियों का एक शिष्टमंडल सिटी मजिस्ट्रेट नरेंद्र सिंह से मिला और उन्हें मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन दिया।
प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष विमल गुप्ता ने कहा कि रात में दुकानें बंद करके घर लौटते समय व्यापारियों के साथ अक्सर राहजनी, छिनैती, लूटपाट, जानलेवा हमले जैसी घटनाएं हो जाती हैं। ऊपर से पुलिस रिपोर्ट नहीं लिखना चाहती। इससे अपराधियों के हौसले बढ़ जाते हैं और व्यापारियों का मनोबल गिरता है। नगर अध्यक्ष रजत खन्ना ने सरकार के प्रति विश्वास बढ़ाने के लिए व्यापारियों की सुरक्षा को मजबूत किए जाने पर बल दिया।
ज्ञापन में व्यापारिक हितों को ध्यान में रखते हुए व्यापारी सुरक्षा सेल का गठन जल्द किए जाने, व्यापारी जीवन दुर्घटना बीमा की धनराशि पांच लाख से बढ़ाकर दस लाख किए जाने, साठ वर्ष से अधिक आयु के व्यापारियों के लिए पेंशन योजना लागू करने, बिजली की बढ़ी हुई दरें वापस लेकर घरेलू दरों के समान किए जाने आदि मांगों का उल्लेख है। प्रदर्शन और ज्ञापन देने वालों में पंकज सक्सेना, अखिल मिश्रा, मोहित मिश्रा आदि शामिल रहे।