निर्वेश का फाइल फोटो। स्रोत : परिजन
अल्हागंज। मीट खाने के लिए मां ने 100 रुपये नहीं दिए तो नाराज किशोर ने आम के बाग में पेड़ पर फंदे से लटककर जान दे दी। हालांकि, परिजन गांव के कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं, लेकिन किसी के खिलाफ तहरीर नहीं दी है।
थाना क्षेत्र के गांव भुंडामई गांव निवासी रामकिशोर बिहार की राजधानी पटना में सुरक्षा गार्ड की नौकरी करते हैं। घर में उनका 15 वर्षीय पुत्र निर्वेश खेतीबाड़ी करता था। पुलिस के अनुसार, निर्वेश ने अपनी मां से मीट खाने के लिए मंगलवार शाम सौ रुपये मांगे थे, लेकिन होली के त्योहार पर अधिक खर्च होने की वजह से मां ने रुपये नहीं दिए। इससे निर्वेश नाराज हो गया।
कुछ देर के बाद वह खाना खाकर जानवरों से फसल की रखवाली करने की बात कहकर खेत पर चला गया था। सुबह देर तक घर नहीं आने पर परिजन को चिंता हुई।
उसकी तलाश शुरू की गई। इस बीच बाबू सिंह के बाग में पेड़ से उसका शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ गई। परिजन भी रोते-बिलखते हुए मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। निर्वेश अपने पीछे दो भाइयों व तीन बहनों को छाेड़ गया है। थाना प्रभारी ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि मीट के लिए रुपये मांगने पर नाराज होकर निर्वेश ने जान दी है।
फंदे से लटकने से मौत की पुष्टि
-पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी मिल गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि रिपोर्ट में फंदे से लटकने से मौत होने की पुष्टि हुई है।