पुवायां। एक पीआरडी जवान और महिला के बीच बातचीत का वीडियो वायरल हो रहा है। पीआरडी जवान कथित रूप से बाद में एक सिपाही से भी महिला की बात कराता है। वीडियो में रुपयों के लेन-देन को लेकर चर्चा हो रही है। वीडियो किसने बनाया और वायरल किया, इसकी पु़ष्टि नहीं हो सकी है।
3.15 मिनट के वीडियो में पुवायां क्षेत्र का रहने वाला एक पीआरडी जवान महिला से कहता है कि उन्होंने पैसे मंगाए हैं। महिला कहती है कि जिस दिन डील हुई थी, उसी दिन तीन हजार रुपये दे दिए थे। इसके बाद पीआरडी जवान कहता है कि उसने एक हजार रुपये कम करा दिए हैं, दो हजार रुपये और दो।
पीआरडी जवान मोबाइल फाेन पर महिला की किसी से बात भी कराता है। चर्चा है कि पीआरडी जवान ने महिला की जिससे बात कराई, वह कोई सिपाही है। महिला कॉल पर कहती है कि उसने पांच हजार रुपये इनको (पीआरडी जवान को) दे दिए हैं। इसके बाद पीआरडी जवान महिला की मदद की बात कहकर काफी देर तक बातचीत करता रहता है। चर्चा है कि महिला अवैध शराब के धंधे से जुड़ी है और पूरा मामला अवैध शराब बिक्री की एवज में रुपये लेने का है।
-
इस तरह के किसी वीडियो की जानकारी नहीं है। अगर वीडियो मिलता है या कोई शिकायत मिलती है तो जांच कराई जाएगी।
पंकज पंत, सीओ पुवायां