पुवायां में भैंसी नदी में चल निकली जलधार। संवाद
पुवायां। दो दिन से रुक-रुककर हो रही बारिश के बाद शनिवार रात भारी बारिश होने के कारण रविवार सुबह से भैंसी नदी में जलधार शुरू हो गई। पिछले वर्ष भी भीषण बारिश होने पर एक दिन के लिए नदी उफान पर आई थी।
पुवायां में भैंसी नदी 15 वर्षों से बिल्कुल सूखी पड़ी थी। चार जुलाई 2023 की रात हुई भीषण बारिश से नदी में जलधार शुरू हो गई थी। भैंसी पुल जर्जर होने के कारण नीचे से चल रहे रास्ते में एक ट्रक भी फंस गया था, जिसके चालक और हेल्पर को बमुश्किल निकाला जा सका था। हालांकि यह उफान सिर्फ एक दिन तक ही सीमित रहा और बारिश का पानी अगले दिन खत्म होने पर नदी की हालत फिर से वैसी हो गई थी।
शुक्रवार को शुरू हुई बारिश के बाद शनिवार रात भीषण बारिश होने के कारण सूखी भैंसी नदी में फिर से जलधार बह निकली है। एक ओर तमाम स्थानों पर जलजमाव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तो वहीं दूसरी ओर लोग भैंसी नदी में जलधार चलने से खुशी जाहिर कर रहे हैं। आसपास के किसानों का कहना है कि अगर भैंसी नदी की धारा चलती रहे तो बहुत लाभ होगा। उधर बारिश के चलते गोमती नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है।