शाहजहांपुर। पोस्टमॉर्टम के बाद मंगलवार की दोपहर थाना सदर बाजार के मोहल्ला हद्दफ निवासी आनंदपाल उर्फ पप्पू के घर पहुंचे शव को देख लोगों की भीड़ लग गई। अर्थी उठी तो हर किसी की आंख नम हो गई। वहीं, सुरेशपाल का अंतिम संस्कार बरेली के फतेहगंज पूर्वी में किया गया।
सोमवार की शाम अल्हागंज थाना क्षेत्र में कोठा मंझा गांव के सामने ओवरटेक कर रहा ट्रक सामने से आ रही कार से टकरा गया था। कार में सवार बहन का तिलक चढ़ाने जा रहे थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला हद्दफ निवासी आनंदपाल उर्फ पप्पू (45) व उनके बड़े भाई देवेंद्र के ससुर सुरेश पाल (60) निवासी निबरिया थाना फतेहगंज पूर्वी, बरेली की मौत हो गई थी।
आनंदपाल के पिता छोटेलाल समेत तीन-चार लोगों को गंभीर चोटें आईं है। उनका बरेली व लखनऊ में उपचार चल रहा है। मंगलवार की शाम घर पहुंचे आनंदपाल के शव को देख लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। हर कोई उनके परिवार को दिलासा देता दिखाई दिया।
परिजनों ने बताया कि आनंद पाल की बहन सविता की शादी 15 फरवरी को फर्रुखाबाद के थाना फतेहगढ़ क्षेत्र के गांव पट्टी पूर्वी में होनी थी। जिस घर में शहनाई की गूंजने वाली थी, वहां मातम पसरा हुआ था।