पुवायां सीएचसी पर मौजूद बलराम के परिजन। संवाद
पुवायां। खनन में लगी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बुजुर्ग की मौत हो गई। उनका भतीजा घायल हो गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़कर लोगों ने पुलिस को उसकी चाबी सौंप दी, लेकिन उसे थाने नहीं लाए जाने से नाराज परिजनों ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए पुलिस को सौंपने से इन्कार कर दिया।
गांव इटौली के अरविंद कुमार ने बताया कि बुधवार पूर्वाह्न 11 बजे वह अपने ताऊ बलराम को बाइक से सहोरा मंदिर ले जा रहे थे। नाहिल पुवायां रोड पर गांव बढ़ारू के पास खनन कार्य में लगे ट्रैक्टर से बाइक में टक्कर लग गई। हादसे में उनके ताऊ सड़क पर जा गिरे और ट्रॉली का पहिया उनके ऊपर से निकल गया। गंभीर हालत में उन्हें सीएचसी ले गए, जहां से राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जब तक परिजन उन्हें ले जाने की तैयारी कर रहे थे, तब तक सीएचसी में ही उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक भाग निकला था। उन्होंने ट्रैक्टर की चाबी निकाल ली थी, जो पुलिस को सौंप दी थी। इसके बाद भी ट्रैक्टर ट्रॉली को थाने नहीं लाकर कहीं और खड़ा करा दिया गया। हादसे में अरविंद को भी चोटें आई हैं।
सूचना पाकर पुलिस शव को पोस्टमॉर्टम भेजने के लिए सीएचसी पहुंची। पंचायतनामा की कर्यवाही के बाद शव को शाहजहांपुर भेजने की बात कही तो परिजनों ने मना कर दिया।
लगभग दो घंटे शव सीएचसी परिसर में रखा रहा। ट्रैक्टर टॉली थाने आने के बाद परिजन माने। बलराम के कोई संतान नहीं है। वह अपने भाई दलगंजन सिंह और भतीजों के पास रहते थे। थाना प्रभारी हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि चालक को पकड़ लिया गया है। खनन कहां हो रहा था और किस जगह मिट्टी ले जाई जा रही थी, इसकी जानकारी नहीं है।
पुवायां सीएचसी पर मौजूद बलराम के परिजन। संवाद