रतिराम का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
जलालाबाद (शाहजहांपुर)। जलालाबाद थाना क्षेत्र के कूराबंडा गांव में मंगलवार सुबह पैर फिसलने से तालाब में गिरकर डूबे 55 वर्षीय रतिराम की मौत हो गई।
खेतीबाड़ी करने वाले रतिराम मंगलवार की सुबह शौच के लिए तालाब के पास गए थे। लगातार हो रही बारिश के चलते तालाब के पास उनका पैर फिसल गया और वह उसमें गिरकर डूबने लगे। शोर-शराबा सुनकर दो-तीन लोग पहुंचे, लेकिन उन्हें तैरना नहीं आता था। वे गांव दौड़कर गए और अन्य ग्रामीणों को बुलाकर लाए।
इसके बाद ग्रामीणों ने 15-20 मिनट की मशक्कत के बाद रतिराम को तालाब से बाहर निकला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। रतिराम के शव को देख उनकी पत्नी रामलली व बेटे संजेश का रो-रोकर हाल बेहाल है। वहीं, ग्रामीणों ने मृतक के परिवार वालों को संभाला और धैर्य रखने के लिए कहा।
बच्चों को नदी व तालाब के पास जाने से किया मना
बारिश के चलते नदी, नहर और तालाब के किनारे फिसलन हो गई है। जलस्तर भी बढ़ गया है। ऐसे में कोई भी अप्रिय हादसा हो सकता है। कूराबंडा गांव में हुए हादसे के बाद ग्रामीणों ने बच्चों को नदी व तालाब के पास जाने से मना किया है। ताकि किसी प्रकार का कोई हादसा न हो।