मीरानपुर कटरा। मासूम बच्चियों से हैवानियत की घटनाएं रुक नहीं रही हैं। शनिवार को 70 वर्ष के बुजुर्ग ने दस वर्ष की बच्ची को 50 रुपये का लालच देकर बुरी नीयत से पकड़ लिया। बच्ची के शोर मचाने पर मां को आता देख आरोपी भाग गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना क्षेत्र में लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे रहने वाली महिला ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। बताया कि बृहस्पतिवार की शाम चार बजे मो. सलीम उर्फ शकील खान ने उनकी दस वर्ष की बच्ची को रुपये देकर कहा कि वह उसके साथ सार्वजनिक शौचालय चले। इसके बाद वह बच्ची को शौचालय की ओर खींचकर ले जाने की कोशिश करने लगा तो उसने शोर मचा दिया।
बच्ची की चीख-पुकार सुनकर उसकी मां मौके पर पहुंच गई। मां को देख सलीम मौके से भाग गया। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और छेड़खानी में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। थाने के प्रभारी निरीक्षक ओमशंकर शुक्ला ने बताया कि बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। फिलहाल आरोपी का शांतिभंग में चालान किया गया है। छेड़खानी और पॉक्सो एक्ट में कार्रवाई करते हुए आरोपी को जेल भेजा जाएगा।