अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आज जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर
विश्व रक्तदान दिवस पर 14 जून मंगलवार को अमर उजाला की तरफ से जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में लगने वाले रक्तदान शिविर में रक्तदान करने के लिए सोमवार लोगों से डीएम पुष्पा सिंह, एसपी डॉ. मनोज कुमार और सीएमओ डॉ. कमल कुमार ने अधिकाधिक संख्या में रक्तदान कर महादानी बनने अपील की है। इस शिविर के आयोजन में जेसीआई शाहजहांपुर भी सक्रिय भागीदारी कर रहा है। साथ ही उद्योग व्यापार मंडल मिश्रा गुट और कंछल गुट भी सक्रिय सहयोगी हैं। डीएम पुष्पा सिंह ने रक्तदान कर सकने में सक्षम लोगों से जरूरतमंदों की जान बचाने के लिए इस महादान में भागीदारी करने की अपील की है। कहा कि कभी - कभी रक्त के अभाव में कई जानें चली जाती हैं। रक्त के अभाव में किसी की जान न जाए, इसके लिए रक्तदान महान माध्यम है। एसपी डॉ. मनोज कुमार ने कहा कि कई बार आपात स्थितियों में मरीज की जान पर बन आती है क्योंकि उसे समय पर रक्त नहीं मिल पाता। ऐसे में संग्रहित रक्त से उनकी जान बचाई जा सकती है। रक्तदान एक तरह से दूसरे के लिए जीवनदान है और इस महादान में सभी बढ़चढ़कर अपनी क्षमतानुसार भाग लें। सीएमओ डॉ. कमल कुमार ने कहा कि एक रक्तदान बचाए तीन जान। ऐसे में रक्तदान की उपयोगिता अहम है। विश्व रक्तदाता दिवस पर उन्होंने अधिकाधिक संख्या में इस शिविर में आने और महादानी बनने की अपील की।
युवा व्यापार मंडल भी भाग लेगा
शाहजहांपुर। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से मंगलवार की सुबह 10 बजे से जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में लग रहे रक्तदान शिविर में युवा उ.प्र. उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के सदस्य युवा व्यापारी भी भाग लेंगे। युवा व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष उवैस हसन खां ने अमर उजाला फाउंडेशन के इस प्रयास की सराहना करते हुए सोमवार को घोषणा की कि युवा व्यापार मंडल की टीम इस पुनीत कार्य में सक्रिय भागीदारी है और अधिकाधिक रक्तदान करेगी।
सीडीओ ने अधिकारियों - कर्मचारियों से की अपील
शाहजहांपुर। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) पुलकित खरे ने मंगलवार को जिला चिकित्सालय में लग रहे रक्तदान शिविर में अधिक से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ ही एनजीओ आदि से रक्तदान के लिए अपील की है। इस संबंध में उन्होंने सोमवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक ली।
जेसीआई ने की अपील
शाहजहांपुर। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से जिला अस्पताल में मंगलवार को लग रहे रक्तदान शिविर में सक्रिय साझेदारी और सहयोग कर रहे जेसीआई शाहजहांपुर की ओर से कार्यक्रम संयोजक सचिन बाथम और मयंक गर्ग ने लोगों से बड़ी संख्या में शिविर में पहुंचकर रक्तदान की अपील की है। उन्होंने कहा कि जेसीआई शाहजहांपुर रक्तदान के लिए जाना जाता है। रक्तदान द्वारा किसी की रक्षा करना मानवता की सबसे बड़ी शिक्षा है। जेसीआई अपने अंतरराष्ट्रीय स्थायी परियोजना ‘नीड ब्लड कॉल जेसीज’ के तहत इस आयोजन में भागीदारी कर रहा है ताकि जिला अस्पताल में आने वाले जरूरतमंद मरीजों की मदद हो सके।