शाहजहांपुर। रोजा के गांव पिपरिया में भूपेंद्र और उसके परिवार को बंधक बनाकर लूटपाट के दो अन्य आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इन्हीं आरोपियों ने मोहम्मदी में एसबीआई के पास बंद मकान में भी चोरी की थी। उनके पास से 12 लाख रुपये का माल बरामद किया गया है। लूटपाट में शामिल एक आरोपी को पुलिस पहले ही पकड़ चुकी है।
दस अगस्त की रात भूपेंद्र के घर में घुसे तीन बदमाशों ने परिवार समेत बंधक बनाकर लूटपाट की थी। भूपेंद्र ने अगले दिन सिंधौली के भटपुरा रसूलपुर के मुजम्मिल को पहचानते हुए नामजद तहरीर दी थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर साथियों की तलाश शुरू की। उसकी निशानदेही पर चाकू, 3250 रुपये, दो जोड़ी पायल व टीका आदि बरामद हुआ था।
पूछताछ में उसने स्वीकार किया था कि नन्हें व साजिद के साथ शराब के ठेके पर मुलाकात होने के दौरान लूट की साजिश रचकर वारदात को अंजाम दिया गया था। एसओजी व रोजा पुलिस टीम ने रविवार की रात कैलाश नगर कॉलोनी फ्लाईओवर से रोजा के मोहल्ला लोधीपुर निवासी जुनैद व फईम को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने पिपरिया में लूटपाट की घटना के साथ मोहम्मदी में एसबीआई के पास बंद मकान में चोरी को स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर अंडरपास पुल के पास से जेवर भी बरामद कर लिए गए। एसपी सिटी संजय कुमार ने बताया कि आरोपियों ने मुजम्मिल को अपना सही नाम नहीं बताया था।
लूटपाट के बाद दोनों आरोपी मोहम्मदी की तरफ चले गए। वहां बंद मकान में सोने-चांदी के जेवरों को चोरी कर ओवरब्रिज के नीचे दबा दिया था।
सड़क किनारे अकेला मकान देखकर घुसे थे घर में
-शराब के ठेके पर मिलने के बाद तीनों पिपरिया गांव में एक मकान में चोरी करने गए थे। परिवार के जागने पर वह सफल नहीं हुए थे। सीओ सदर बीएस वीर कुमार ने बताया कि तीनों बदमाश सड़क किनारे भूपेंद्र का इकलौता मकान देखकर घुस गए। अंदर परिवार जागता मिलने पर उन्हें चाकू दिखाकर डराने के बाद बंधक बना लिया था। वहां आभूषण व रुपये लूटे थे। दोनों के हिस्से में दो जोड़ी झाले, दो जोड़ पायल, एक अंगूठी व एक हजार रुपये आए थे।
मोहम्मदी में चोरी किया था 11 तोला सोना
-बदमाशों के पास से 12 लाख का माल बरामद किया गया। इंस्पेक्टर राजीव सिंह ने बताया कि आरोपियों ने 11 तोला सोना मोहम्मदी में चोरी किया था। एक तोला सोना पिपरिया में लूटा था।