भाकियू के बंडा ब्लाक अध्यक्ष मंदीप सिंह के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को तमाम किसानों ने एसडीएम से मिलकर बारिश में खराब हुई फसलों के सर्वे में धांधली का आरोप लगाते हुए जांच कराने की मांग की।
एसडीएम लालबहादुर को दिए ज्ञापन में भाकियू कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि राजस्वकर्मी मनमाने तरीके से सर्वे कर मुआवजा दे रहे हैं। असरदार लोगों का सर्वे कर उन्हीं को मुआवजा दिया गया है, जबकि छोटे किसान परेशान घूम रहे हैं। गांवों में 75 प्रतिशत तक किसान लाभ से वंचित है। बंडा के गांव उदरा टिकरी, भांभी, कढे़रचौरा, नबाबपुर, झका घनश्याम, अजमतपुर, चिकिटिया, उगनापुर, भगवंतापुर, भितिया श्याम, उदयपुर आदि में सर्वे ही नहीं हुआ है।
ज्ञापन में कहा गया कि सभी गांवों में सही सर्वे कराकर किसानों को सहायता राशि दी जाए और बंडा में 33 केवीए का बिजली उप केंद्र नहीं चालू होने तक बंडा को डबल ग्रुप में बिजली सप्लाई जी जाए। मांग पूरी नहीं होने पर पांच मई से भाकियू कार्यकर्ता आंदोलन पर विवश होंगे। ज्ञापन पर मंदीप सिंह, ओमकार सिंह, शिशुपाल सिंह, कृष्णपाल सिंह, मुकेश सिंह, सोबरन सिंह आदि के हस्ताक्षर हैं।