देवकली। मुड़िगवां के नन्हे लाल ने गांव की अस्थायी गोशाला में सड़ा भूसा खाने और भूख से 12 दिन में पांच गायों की मौत का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री से शिकायत की है। जानकारी होने पर डायल 112 पुलिस टीम ने गांव जाकर जांच की।
मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में नन्हेलाल ने कहा है कि गांव की गोशाला में 95 गायों को सड़ा भूसा दिया जा रहा है। भूख के कारण 12 दिन में पांच गायों की मौत हो चुकी है। शिकायत करने पर पुलिस ने मौके पर जांच की। पुलिस के जाने के बाद मृत गायों को दफनाने के बजाय नाले में डाल दिया गया।
उन्होंने मुख्यमंत्री से जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। विश्व हिंदू रक्षा संगठन के जिलाध्यक्ष मनोज यादव ने डीएम से जांच कराने की मांग की गई है। गोपालक प्यारेलाल के अनुसार बारिश होने के कारण कुछ भूसा खराब आया था। उससे गायों का पेट नहीं भर रहा है। खंड विकास अधिकारी मनीष दत्त के अनुसार गायों की मौत की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। संवाद