कांट के कुर्रियाकलां तिराहा पर डालचंद के परिजनों ने लगाया जाम। स्रोत: वीडियो ग्रेब
कांट (शाहजहांपुर)। बांसखेड़ा गांव निवासी डालचंद (45) की रविवार रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। गांव में क्लीनिक चलाने वाले होम्योपैथिक डॉक्टर पर गलत इलाज का आरोप लगाते हुए सोमवार सुबह परिजनों ने कुर्रिया तिराहे पर जाम लगा दिया। कार्रवाई के आश्वासन पर सुबह करीब 08.45 बजे लगा जाम पूर्वाह्न 11 बजे खोला गया। पुलिस ने क्लीनिक संचालक डॉ. आशुतोष वाजपेयी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। जाम लगाने वाले लोगों के खिलाफ भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
डालचंद की पत्नी सुनीता ने पुलिस को प्रार्थनापत्र देकर बताया कि बुखार आने पर पति 23 अगस्त की शाम करीब छह बजे दवा लेने के लिए क्लीनिक पर गए थे। वहां डॉ. आशुतोष ने पति को दवा दी और इंजेक्शन लगाया। दवा खाने और इंजेक्शन लगने के करीब 15 मिनट बाद पति की मौत हो गई।
रात में ही डालचंद का पोस्टमॉर्टम कराया गया। सोमवार की सुबह नाराज परिजनों ने ग्रामीणों के साथ कुर्रियाकलां तिराहे पर ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर जाम लगा दिया। इस बीच क्षेत्रीय विधायक अरविंद सिंह और सीओ सदर शुभम वर्मा मौके पर पहुंच गए। परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। परिजनों ने बताया कि डालचंद के तीन बेटे और तीन बेटियां हैं। वह मजदूरी करते थे।
एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने बताया कि क्लीनिक संचालक के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। लोगों को भड़काकर जाम लगाने और यातायात अवरुद्ध करने पर गोलू, अठन्ना, नरवीर, विमलेश, आनंद और 10–15 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज की गई है। वहीं, सीएमओ डॉ. विवेक मिश्रा ने बताया कि क्लीनिक होम्योपैथिक से पंजीकृत था जिसकी अवधि 20 अगस्त को खत्म हो गई थी। एसीएमओ डॉ. पीपी श्रीवास्तव को मौके पर भेजकर क्लीनिक को सील कर दिया गया है।