शाहजहांपुर। लोकसभा और ददरौल विधानसभा उपचुनाव के मतदान के लिए पोलिंग पार्टियां ले जाने वाले सभी वाहन जीपीएस से लैस होंगे, ताकि कंट्रोल रूम से वाहनों की लोकेशन ट्रेस की जा सके।
जिले में चौथे चरण में 13 मई को मतदान होगा। इसके लिए भारी वाहनों को 11 मई को ओसीएफ मैदान में एकत्र किया जाएगा। इन सभी में जीपीएस सिस्टम लगाया जाएगा। 12 मई को ओसीएफ मैदान से पोलिंग पार्टियों को इन वाहनों से रवाना किया जाएगा। 2481 मतदान केंद्रों के लिए इतनी ही पार्टियां बनाई गई हैं। इसमें 438 पोलिंग पार्टियां ददरौल विधानसभा क्षेत्र में जाएंगी। एक पार्टी में छह लोग होंगे। यानी कि 2,628 कार्मिक होंगे।
लोकसभा चुनाव के मतदान केंद्रों के लिए 2,051 मतदान पार्टियां होंगी। इसमें एक पार्टी में चार कार्मिक रहेंगे, इस तरह से कुल 8,204 कार्मिक होंगे। इन सभी कार्मिकों की रवानगी के लिए 468 बसों और ट्रकों की व्यवस्था की गई है। कंट्रोल रूम की टीमें जीपीएस की लोकेशन लगातार ट्रेस कर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट देते रहेंगे। अगर कोई वाहन गलत दिशा में जा रहा है तो उसमें बैठी टीम से कंट्रोल रूम के जरिये संपर्क किया जाएगा।
मतदान केंद्रों तक पहुंचने तक टीमें वाहनों की निगरानी करती रहेंगी। चुनाव संपन्न होने के बाद पार्टियां रोजा मंडी समिति में ईवीएम जमा करेंगी, तब तक इनकी निगरानी होती रहेगी।
मतदान के लिए पोलिंग पार्टियां ले जाने वाले सभी भारी वाहनों में जीपीएस लगाया जाएगा। टीमों के रवाना होने के बाद उनकी कंट्रोल रूम से निगरानी की जाएगी।
-संजय कुमार पांडेय, उप जिला निर्वाचन अधिकारी