शाहजहांपुर। भीषण सर्दी को देखते हुए डीएम ने आदेश जारी कर कक्षा आठ तक के सभी विद्यालयों में 11 जनवरी तक अवकाश घोषित कर दिया है। कक्षा नौ से 12 तक कक्षाएं सुबह दस से अपराह्न तीन बजे के बीच लगेंगी। इन कक्षाओं के विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई का विकल्प भी दिया गया है।
शहर के राजकीय इंटर कॉलेज, इस्लामिया इंटर कॉलेज और एसपी कॉलेज समेत सभी माध्यमिक विद्यालयों में बुधवार को सभी कक्षाएं लगीं, लेकिन सर्दी की वजह से विद्यार्थी संख्या काफी कम रही। डीएम ने आदेश में कहा कि विद्यालय खुलने पर विद्यार्थियों की कक्षाओं में ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त प्रबंध करने की जिम्मेदारी विद्यालय प्रबंधन की होगी।
प्रत्येक कक्ष में तापमान सामान्य बनाए रखने के लिए हीटर आदि के प्रयोग करने, कक्षा, प्रयोगात्मक व परीक्षाओं के लिए विद्यार्थियों को खुले में न बैठाने, विद्यार्थियों के लिए यूनीफार्म पहनने की बाध्यता को समाप्त करने के निर्देश भी दिए गए हैं। विद्यार्थियों को ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनकर ही विद्यालय जाने की सलाह दी गई।