शाहजहांपुर। यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 22 फरवरी से शुरू होंगी। इसके लिए 124 केंद्र बनाए गए हैं। इन सभी केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को कंट्रोल रूम से जोड़ दिया गया है। परीक्षा के दौरान अगर कोई परीक्षार्थी गर्दन भी घुमाएगा तो तुरंत केंद्र संचालक को अलर्ट किया जाएगा।
जीआईसी में यूपी बोर्ड परीक्षा की निगरानी के लिए जिला स्तरीय कंट्रोल रूम बनाया गया है जहां पर तीन शिफ्टों में 33 शिक्षक-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। कंट्रोल रूम प्रभारी भी तैनात कर दिए गए हैं। सुबह छह से दो बजे तक की शिफ्ट के प्रभारी रामभजन, दोपहर दो से रात 10 बजे तक की शिफ्ट के प्रभारी आशिक अली तथा रात 10 से सुबह छह बजे की शिफ्ट के प्रभारी विजय कुमार गुप्ता रहेंगे। कंट्रोल रूम प्रभारी आशिक अली ने बताया कि 99 प्रतिशत केंद्रों के सीसीटीवी कैमरों को जोड़ लिया गया है, एक-दो रह गए हैं, उनको भी बुधवार तक जोड़ लिया जाएगा। बताया कि जिला स्तर के कंट्रोल रूम को लखनऊ और प्रयागराज में बने कंट्रोल रूम से भी जोड़ा गया है। वहां से भी निगरानी होगी। केंद्रों और कंट्रोल रूम में लगे हुए सभी सीसीटीवी कैमरों के आईपी एड्रेस शासन स्तर पर दिए गए हैं, जिससे माध्यमिक शिक्षा परिषद के कार्यालय से परीक्षा के दौरान हो रही गतिविधि पर नजर रखी जा सकेगी। अगर परीक्षा के दौरान किसी भी बच्चे की गर्दन इधर से उधर घूमती है तो तत्काल कॉल करके केंद्र संचालक को अलर्ट किया जाएगा। साथ ही अगर शिक्षक भी कक्ष में राउंड करने के बजाय काफी देर तक बैठे मिले तो टीम को अलर्ट किया जाएगा।
4100 कक्ष निरीक्षक लगाए गए
परीक्षा को संपन्न कराने के लिए कुल 124 केंद्रों पर 4100 कक्ष निरीक्षक ड्यूटी करेंगे। इनमें बेसिक के शिक्षक भी शामिल हैं। सभी केंद्रों पर 124 व्यवस्थापक तथा इतने ही अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक और स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं। इनके अलावा छह सचल दल बनाए गए हैं, जोकि केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे। जिससे नकल पर रोक लगाई जा सके। अगर कोई नकल करते पकड़ा गया तो सचल दल द्वारा बुक भी किया जाएगा।
उत्तर पुस्तिकाओं का किया गया वितरण
यूपी बोर्ड की परीक्षाओं के लिए उत्तरपुस्तिकाएं आ चुकी हैं, जिनका वितरण सभी केंद्र व्यवस्थापकों को कर दिया गया है। शिक्षक राजीव अग्रवाल ने बताया कि हाईस्कूल के लिए 225613 और इंटरमीडिएट की 165056 उत्तर पुस्तिकाएं वितरित हो चुकी हैं। इनके अलावा बी कॉपियों का वितरण भी हुआ है, जोकि हाईस्कूल की 90245 तथा इंटरमीडिएट की 49517 हैं। कला की 45000 उत्तर पुस्तिकाताओं का वितरण हुआ है।
प्रार्थना पत्र देने के बावजूद नहीं कटेगी ड्यूटी
डीआईओएस हरिवंश कुमार ने बताया कि यूपी बोर्ड की परीक्षाओं के लिए कुल 4100 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है जोकि परीक्षा केंद्राें पर जाकर ड्यूटी करेंगे। स्टेटिक व सेक्टर मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं। कुछ लोगों ने ड्यूटी कटवाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। हालांकि एडीएम प्रशासन के निर्देश पर कुछ स्टेटिक व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को बदला गया है।