कैंट स्थित मैदान पर लीग के दौरान शाॅट लगाता बल्लेबाज। स्रोत: आयोजक
शाहजहांपुर। मयूर स्पोर्टिंग की ओर से पूर्व राष्ट्रपति डॉ.एपीजे अब्दुल कलाम आजाद की स्मृति में गवर्नमेंट सर्वेंट प्राइजमनी प्रीमियर लीग में शुक्रवार को एके इलेवन ने प्रोफेसर इलेवन को 14 रनों से हरा दिया। शिवम की 60 रन की पारी के दम पर टीम ने जीत दर्ज की।
कैंट के मैदान पर एके इलेवन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय किया। ओपनर बल्लेबाज सौरभ कुमार 16 और निजाकत खान मात्र तीन रन बनाकर आउट हो गए। तीसरे नंबर पर आए शिवम ने 36 गेंदों पर 60 रन की पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
उन्होंने तीन चौके और पांच छक्के जड़े। सिद्दू ने 34 रन बनाए। 15 ओवर में टीम ने 152 रन का स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रोफेसर इलेवन की टीम का प्रदर्शन खास नहीं रहा। टीम में मात्र प्रांजल शाही ने 34 रनों की पारी खेली। टीम 138 रन पर ही आउट हो गई। एके इलेवन के गेंदबाज उपेंद्र शुक्ला, निजाकत खान, हर्ष, लकी नागर ने एक-एक विकेट झटका।
मैच के अंपायर अमित मिश्रा और हर्ष शुक्ला रहे। व्यवस्था में रजा खान, कबीर खान, संदीप कुमार, मोहम्मद नईम, चंदू आदि का सहयोग रहा। आयोजक मयूर खन्ना ने बताया कि रविवार को तीन मैच खेले जाएंगे।