शाहजहांपुर। जिले के लोगों को वातानुकूलित बसों में सफर कराने के लिए हरदोई मुख्यालय से चार एसी बसें उपलब्ध कराई जाएंगी। इनमें दो बसें मंगलवार तक यहां पहुंच जाएंगी। पहले चरण में आने वाली बसों को जयपुर तक चलाया जाएगा। नवरात्र पर ही उद्घाटन कराने की तैयारी है।
शाहजहांपुर डिपो से 217 बसों का संचालन होता है। इनमें 78 अनुबंधित बसें भी शामिल हैं। भीषण गर्मी में एसी बस नहीं होने के चलते अधिकतर यात्री निजी बसों में सफर करते हैं। रोडवेज निगम ने डिपो को चार एसी बसों को देने का निर्णय किया है।
दो बसों को लेने के लिए चालक रवाना हो गए हैं। ये बसें मंगलवार तक आ जाएंगी। एआरएम अरुण कुमार ने बताया कि दोनों ही बसों को शाहजहांपुर से पलिया होते हुए जयपुर के लिए चलाया जाएगा। इसका रूट तैयार कर लिया गया है। इसके बाद दो अन्य बसों को शाहजहांपुर से दिल्ली रूट पर चलाया जाएगा। एसी बसों के चलने से यात्री अपनी सुविधा के अनुसार सफर कर सकते हैं।