शाहजहांपुर में स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यशाला में प्रतिभागियों को प्रमाण
शाहजहांपुर। स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग में शुक्रवार को बीबीए और बीकॉम के नवीन पाठ्यक्रमों को लेकर कार्यशाला आयोजित की गई। इस बीच नए पाठ्यक्रमों में एआई और भारतीय ज्ञान परंपरा को शामिल करने पर मंथन किया गया। कुलपति ने प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र भी दिए।
इस मौके पर कुलपति प्रो. पुष्पेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को सैद्धांतिक के साथ व्यावहारिक ज्ञान भी दिया जाना जरूरी है, जिससे वे रोजगार और व्यवसाय के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
वाणिज्य एवं व्यावसायिक प्रशासन संकाय के अध्यक्ष प्रो. देवेंद्र सिंह ने बताया कि बीबीए के नए पाठ्यक्रम में सैद्धांतिक विषयों के साथ कौशल विकास से जुड़े प्रश्नपत्र भी शामिल किए गए हैं। बीकॉम के पाठ्यक्रम में बदलाव करते हुए अंकात्मक प्रश्नपत्र प्रथम, तृतीय और पंचम सेमेस्टर में रखे गए हैं।
वित्तीय लेखांकन अब द्वितीय के स्थान पर प्रथम सेमेस्टर में पढ़ाया जाएगा, जबकि व्यावसायिक संगठन प्रथम के स्थान पर द्वितीय सेमेस्टर में होगा। परीक्षा में सामान्य कैलकुलेटर के इस्तेमाल की अनुमति भी दी गई है।
कार्यशाला के संयोजक प्रो. अनुराग अग्रवाल, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. कमलेश गौतम, डॉ. पुनीत मनीषी, डॉ. शहाब हुसैन, डॉ. अनमोल सक्सेना आदि मौजूद रहे।