शाहजहांपुर। डीजल और पेट्रोल पर महंगाई के खिलाफ कांग्रेस सोमवार को फिर सड़क पर उतर आए। जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता मुन्ना के नेतृत्व मेें टाउनहाल स्थित पार्टी कार्यालय से चार पहिया वाहन मेें रस्सियां बांधकर उसे खींचते हुए कांग्रेसी जैसे ही कलक्ट्रेट की ओर जाने को आगे बढ़े, थाना सदर बाजार कोतवाली पुलिस ने उन्हें नगर निगम तिराहा के पास रोक लिया। इस पर कांग्रेसजन भड़क उठे और उनकी सदर इंस्पेक्टर किरन पाल सिंह से तीखी नोकझोंक हो गई। इस बीच, प्रदर्शन में शामिल भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के कार्यकर्ता आक्रोशित हो उठे और उन्होंने वहीं पर अर्धनग्न प्रदर्शन कर धरना देना शुरू कर दिया। हालांकि, कुछ देर बाद सिटी मजिस्ट्रेट विनीता सिंह ने पहुंचकर कांग्रेसियों से राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन लिया। इसके बाद धरना समाप्त हुआ।
कलक्ट्रेट की ओर बढ़ने से रोकने पर भड़का गुस्सा
प्रदर्शन के लिए दिन में 11 बजे का समय नियत था, लेकिन एक घंटा पहले से कांग्रेसी पार्टी कार्यालय राजीव भवन पर इकट्ठा होने लगे। तयशुदा कार्यक्रम के अनुसार उन्हें सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए कलक्ट्रेट जाकर डीएम को ज्ञापन देना था। पेट्रोलियम पर महंगाई को लेकर शासन-प्रशासन का ध्यानाकर्षण करने के लिए कांग्रेसियों ने जिलाध्यक्ष के चार पहिया वाहन में रस्सियां बांधकर उसे खींचना और नारेबाजी करना शुरू किया। कांग्रेसी कलक्ट्रेट कूच करने को बमुश्किल 100 कदम आगे शहीद प्रतिमाओं के पास पहुंच पाए कि वहां पहले से तैनात पुलिस ने उनका रास्ता रोक लिया। पुलिस की रोकटोक पर कांग्रेसियों का गुस्सा भड़का तो उन्होंने नारेबाजी तेज कर सरकार के इशारे पर उत्पीड़न किए जाने का आरोप लगाना शुरू कर दिया। इस बीच, थाना सदर बाजार के प्रभारी निरीक्षक ने उन्हें सामाजिक दूरी का पालन करने की नसीहत दी तो जिलाध्यक्ष समेत अन्य पदाधिकारियों से उनकी तकरार होने लगी।
शर्टें उतार सड़क पर बैठ गए एनएसयूआई कार्यकर्ता
पुलिस की रोकटोक से प्रदर्शन में शामिल एनएसयूआई के कार्यकर्ता आगबबूला हो उठे। संगठन के जिलाध्यक्ष पवन मिश्रा और पूर्व जिलाध्यक्ष इरफान हसन खां के नेतृत्व में कई कार्यकर्ता अपनी शर्टें उतारकर सड़क पर बैठ गए और जनता की आवाज दबाने के विरोध में अर्धनग्न होकर वहीं पर धरना देने के साथ तीखी नारेबाजी करने लगे। सड़क पर जाम लगने की नौबत आई देख पुलिस के हाथ-पांव फूलने लगे। सदर इंस्पेक्टर ने मोबाइल पर सिटी मजिस्ट्रेट को सारी बात बताई तो कुछ देर बाद वह भी मौके पर पहुंच गईं। जिलाध्यक्ष मुन्ना ने उन्हें वहीं पर सौंपा और प्रशासन के जनविरोधी रवैए पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा जनता के हित की लड़ाई लड़ी है और पार्टी की आवाज दबाने का प्रयास करने वालों को जनता ने हमेशा धूल चटाई है।
सरकार से पेट्रोलियम की कमाई का मांगा हिसाब
राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन में कांग्रेसियों ने मोदी सरकार से डीजल-पेट्रोल के दाम बढ़ाकर पिछले छह साल में की गई 1800 करोड़ रुपये कमाई का हिसाब मांगे जाने पर जोर देते हुए कहा कि मई 2014 से अभी तक डीजल पर 820 प्रतिशत और पेट्रोल पर 258 प्रतिशत उत्पाद शुल्क बढ़ चुका है। केंद्र सरकार को जनता के प्रति निष्ठुर बताते हुए ज्ञापन में कहा कि बीते साढ़े तीन माह में डीजल के रेट 26.48 रुपये और पेट्रोल के दाम 21.50 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए जा चुके हैं। सरकार के स्तर से नागरिकों का इतना शोषण इससे पहले कभी नहीं हुआ।
प्रदर्शन में ये रहे शामिल
प्रदर्शन में एआईसीसी सदस्य अशफाक उल्ला खां, पीसीसी सदस्य धर्मेंद्र दीक्षित व शाहिद अनवर कुरैशी, पूर्व जिलाध्यक्ष कौशल मिश्रा, इंटक अध्यक्ष पवन सिंह, कृष्ण विनोद मिश्रा, महानगर अध्यक्ष तस्नीम अली खां, महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष सावित्री शर्मा, कांग्रेेस सेवादल के जिला संगठक अतित कुमार बागी, सुरेश शुक्ला, मनिल वाजपेयी, विश्वदीप अवस्थी, सुशील शुक्ला, विनीत त्रिपाठी, फुरकान अहमद कुरैशी, देवव्रत सिंह, अखिलेश पाल, अकबर खां, गौरव त्रिपाठी, शाहवेज खां, फरमान खां, ब्रजेश गुप्ता, अदीब अहमद, शहजाद खां, सबील हसन, अनुज शर्मा, कालीशंकर मिश्रा, रेशमा देवी, दिव्यांशु वाजपेयी, वैभव त्रिवेदी, नितिन, मोहसिन, सिकंदर अली आदि शामिल रहे।