शाहजहांपुर। रोडवेज बस अड्डे पर लगने वाले जाम से तीन दिन के बाद छुटकारा मिल जाएगा। तीन दिन के अंदर फर्श का निर्माण कार्य पूर्ण करने के डीएम ने निर्देश दिए हैं।
सात अगस्त को रोडवेज बस अड्डे के अंदर फर्श के निर्माण का कार्य शुरू किया गया था। कार्यदायी संस्था को पूरा परिसर खाली कर उपलब्ध कराने के साथ और बसों का संचालन हथौड़ा चौराहे से शुरू किया गया। ऐसे में रोडवेज बस अड्डे के बाहर बसें खड़े करने से रोजाना ही जाम की स्थिति बनने लगी।
रक्षाबंधन पर भीड़ उमड़ने पर स्थिति काफी ज्यादा खराब हो गई। बुधवार को डीएम ने रोडवेज बस अड्डे का निरीक्षण करने के बाद फर्श का कार्य रविवार तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। ऐसे में संभावना है कि सोमवार से बसों का संचालन अड्डे के अंदर से शुरू हो जाएगा। ऐसे में लोगों को जाम से निजात मिल जाएगी।
एआरएम अरुण कुमार ने बताया कि रोडवेज बस अड्डे से संचालन शुरू होने से राजस्व बढ़ जाएगा। लोगों की परेशानी भी कम होगी।