माध्यमिक शिक्षा परिषद ने शैक्षिक सत्र 2017-18 में अध्ययनरत कक्षा नौ और ग्यारह के छात्र-छात्राओं के अग्रिम पंजीकरण आवेदन परिषद की वेबसाइट पर आनलाइन अपलोड करने की तिथि घोषित कर दी है। परिषद ने वर्ष 2019 की परीक्षा में नवीन मान्यता प्राप्त विद्यालयों को यूजर आईडी तथा पासवर्ड डीआईओएस द्वारा निर्गत करने के निर्देश दिए हैं। जबकि शेष विद्यालयों को गत वर्ष जारी किए गए यूजर आईडी और पासवर्ड यथावत रहेंगे। ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि एक अक्तूबर की मध्य रात्रि 12 तक निर्धारित की गई है।
प्रभारी डीआईओएस सतीश कुमार ने बताया कि एक अक्तूबर की मध्य रात्रि तक निर्धारित शुल्क 50 रुपये प्रति छात्र की दर से आवेदन ऑनलाइन भरे जाएंगे। इसके बाद दो से 10 अक्तूबर तक ऑनलाइन अपलोड किए गए छात्र-छात्राओं की चेकलिस्ट संस्थाध्यक्ष ठीक से चेक करेंगे।11 से 20 अक्तूबर की मध्य रात्रि तक किसी भी प्रकार का संशोधन किया जा सकता है। इसके बाद 25 अक्तूबर तक पंजीकृत अभ्यर्थियों की फोटोयुक्त नामावली एवं कोष पत्र की प्रति क्षेत्रीय कार्यालय को भेजी जाएगी।
छात्र-छात्राओं के आधार बनवाएं
प्रभारी डीआईओएस सतीश कुमार ने बताया है कि जिन छात्र-छात्राओं के आधार कार्ड अब तक नहीं बने हैं। वे तत्काल आधार कार्ड बनवाकर स्कूल-कॉलेजों और मदरसों में जमा कर दें। उन्होंने प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि वे अपनी शिक्षण संस्थाओं में अध्ययनरत विद्यार्थियों की सूची आधार नंबर सहित कार्यालय में उपलब्ध करा दें। जिन विद्यार्थियों के आधार नहीं बने हैं। उनके आधार बनवाना सुनिश्चित करें। आधार नंबर के अभाव में यदि कोई छात्र सरकारी योजनाओं से वंचित रह जाता है, तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित प्रधानाचार्य की होगी।