शाहजहांपुर। स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो जाएगी। विश्वविद्यालय परिसर और संबद्ध महाविद्यालयों में प्रवेश समर्थ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन होंगे। प्रवेश पूरी तरह मेरिट आधारित और पारदर्शी प्रक्रिया से किए जाएंगे।
विश्वविद्यालय के प्रवेश प्रभारी आदित्य सिंह ने बताया कि अभ्यर्थियों को पहले समर्थ पोर्टल पर 200 रुपये का पंजीकरण शुल्क जमा कर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इसके बाद वे अपनी पात्रता के अनुसार विश्वविद्यालय परिसर सहित अधिकतम पांच महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकेंगे।
आवेदन के साथ शैक्षिक अभिलेखों की प्रतियां, पासपोर्ट फोटो तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज निर्धारित तिथि तक संबंधित महाविद्यालय में जमा करने होंगे। बताया कि सभी प्रवेश उत्तर प्रदेश शासन और विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार केवल स्वीकृत सीटों व मेरिट सूची के आधार पर ही होंगे।
प्रवेश से पहले मूल अभिलेखों का सत्यापन अनिवार्य रहेगा। आवेदन की अंतिम तिथि 4 अगस्त निर्धारित की गई है, जबकि आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी संबंधित महाविद्यालय में जमा करने की अंतिम तिथि सात अगस्त होगी। मेरिट सूची और प्रवेश की आगे की समय-सारिणी बाद में जारी की जाएगी।