पुवायां। मंडी समिति में चल रहे धरना-प्रदर्शन के बाद भी सुनवाई न होने पर भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के कार्यकर्ताओं और किसानों में रोष है।
जिलाध्यक्ष अनिल सिंह यादव ने धरनास्थल पर पंचायत को संबोधित करते हुए कहा कि 17 मार्च से किसान मंडी के किसान भवन में धरना दे रहे हैं, लेकिन प्रशासन उनकी एक भी समस्या का निस्तारण नहीं करा सका है। अधिकारी बिना कार्रवाई किए आश्वासन देकर धरना समाप्त कराने का प्रयास कर रहे हैं। जब तक समाधान नहीं होगा, तब तक धरना खत्म नहीं किया जाएगा।
किसान नेता ने कहा कि 29 मार्च तक सुनवाई नहीं की गई तो 30 मार्च को आंदोलन तेज करेंगे और धरनास्थल से राजीव चौक पहुंचकर चक्का जाम कर प्रशासन का पुतला दहन करेंगे। इस दौरान धरनास्थल पर तहसील अध्यक्ष श्रीकृष्ण, कप्तान सिंह, श्रीपाल सिंह, शिवचरन, विनोद राठौर, उल्फत सिंह यादव, वीरेंद्र शर्मा सहित तमाम किसान मौजूद रहे। संवाद