एडीएम एफआर पीके श्रीवास्तव ने शनिवार को पुवायां मंडी परिसर में गेहूं क्रय केंद्रों पर छापेमारी कर तोल आदि को परखा। साथ ही खरीद का लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। पुवायां मंडी समिति में किसानों का गेहूं खरीदने के लिए पांच सेंटर लगाए गए हैं। एडीएम के मंडी में पहुंचते ही कर्मचारियों में खलबली मच गई। निरीक्षण में कर्मचारी कल्याण निगम का क्रय केंद्र बंद पाया गया। इस केंद्र का कांटा, बैनर लगाए जाने के बाद आज तक कोई कर्मचारी सेंटर पर नहीं पहुंचा है। एडीएम ने कहा कि बंद क्रय केंद्र के प्रभारी से जवाब तलब कर कार्रवाई की जाएगी। चार अन्य केंद्रों पर खरीद होती पाई गई। एडीएम ने कांटा आदि चेक किया तो तोल सही पाई गई। एडीएम ने सेंटरों पर वारदाना, कांटा सहित अन्य व्यवस्थाएं सही रखने और किसानों को कई परेशानी नहीं होने देने के निर्देश दिए। एडीएम ने केंद्र प्रभारियों से कहा कि खरीद का लक्ष्य हर हाल में पूरा किया जाना चाहिए। दलालों से खरीद की जानकारी मिली तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गेहूं क्रय केंद्र के औचक निरीक्षण में मिली तमाम खामियां
शनिवार को एसडीएम सलिल कुमार पटेल ने खुटार के कोचर फार्म पर लगे खाद्य तथा रसद विभाग के क्रय केंद्र का औचक निरीक्षण किया, जिसमें तमाम खामियां मिली। शनिवार दोपर बाद एसडीएम क्रय केंद्र पर पहुंचे तो केंद्र बंद देख कर उनका पारा चढ़ गया। सूचना पर कुछ ही देर में केंद्र प्रभारी संजय कुमार पहुंचे और बताया कि डीएम की मीटिंग के कारण वह जल्दी निकल गए थे। क्रय केंद्र पर बैनर नहीं लगा पाया गया, तिरपाल भी नहीं थी। किसानों के बैठने के लिए टेंट, इलेक्ट्रानिक कांटा भी नहीं मिला। प्रभारी ने बताया कि अभी तक 39 क्ंिवटल गेहूं की खरीद की गई है। इस पर एसडीएम ने केंद्र प्रभारी को कड़ी फटकार लगाई और कहा कि क्रय केंद्र समय से खुलना चाहिए और लक्ष्य के अनुरूप खरीद होनी चाहिए। उन्होंने खामियां निरीक्षण रजिस्टर में भी दर्ज कीं।