एडीएम प्रशासन ने अपराजिता कार्यक्रम में छात्राओं को किया संबोधित
- फोटो : संवाद
शाहजहांपुर में एडीएम प्रशासन रजनीश मिश्रा ने कहा कि बेटियों को शिक्षित और सशक्त बनाना शासन का उद्देश्य है। इसके लिए सरकार विभिन्न योजनाएं संचालित कर रहीं हैं। छात्राएं न केवल शिक्षा पर ध्यान केंद्रित करें बल्कि आत्मनिर्भर भी बनें। उन्होंने कहा कि छात्राएं सरकारी योजनाओं की जानकारी के लिए सजग रहें। वह अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित अपराजिता कार्यक्रम में बोल रहे थे।
जीएफ कॉलेज के कमेटी हॉल में सोमवार को हुए कार्यक्रम में एडीएम ने कहा कि कभी घर की चौखट को लांघने से गुरेज करने वालीं बेटियां खेल से लेकर राजनीति तक में सक्रिय हैं। बेटियां काफी बेहतर काम कर रही हैं। जिस समर्पण से बेटियां काम कर रही हैं, उससे वे लगातार आगे निकल रहीं हैं। सरकार ने मुख्यमंत्री सुमंगला योजना, छात्रवृत्ति योजनाओं को चलाने के साथ ही निशुल्क टैबलेट-स्मार्ट फोन भी दिए हैं। योजनाओं का लाभ लेकर छात्राएं निरंतर उच्च शिखर पर पहुंचने का लक्ष्य तय करें।
उन्होंने बताया कि दसवीं और बारहवीं से लेकर सिविल सेवा परीक्षा तक में बेटियों ने अपना झंडा बुलंद किया है। कोई भी रिजल्ट आए, उसमें बेटी टॉप जरूर करती है। उन्होंने छात्राओं की कॅरिअर काउंसलिंग करते हुए कहा कि छात्र जीवन से ही वे अपना लक्ष्य अवश्य तय करें। अपने कॅरिअर को चुनकर सतर्क रहना होगा। सही कॅरिअर को चुनें, जिससे भविष्य बेहतर हो सके। शिक्षित होने पर कॅरिअर के काफी विकल्प खुले हैं।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने मिशन शक्ति अभियान चला रखा है। इसमें युवतियों व महिलाओं को सशक्त किया जा रहा। थानों से लेकर प्रमुख स्थानों पर महिला हेल्प डेस्क बनाई गईं हैं, जिसमें महिलाओं की सुनवाई होती है। उन्होंने एसआईआर पर चर्चा करते हुए 18 वर्ष की उम्र पूरी कर चुकीं छात्राएं अपना वोट अवश्य बनवा लें।