वेतन न मिलने से गुस्साए समायोजित शिक्षकों ने बीएसए कार्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया। प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के बैनर तले इकट्ठे हुए शिक्षकों ने बीएसए को ज्ञापन भी दिया, जिसमें समस्याओं का निस्तारण किए जाने की मांग की गई है।
जिलाध्यक्ष रत्नाकर दीक्षित के नेतृत्व में पहुंचे समायोजित शिक्षकों ने बीएसए से कहा कि द्वितीय बैच के समायोजित शिक्षकों के शैक्षिक प्रमाण पत्रों का सत्यापन होने के बावजूद वेतन नहीं दिया जा रहा है। इससे शिक्षकों को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। 80 से 120 किलोमीटर दूर स्कूलों में शिक्षण कार्य करने जा रहे शिक्षकों की परेशानियों के मद्देनजर पारस्परिक स्थानांतरण किया जाए। प्रदर्शन करने वालों में जिला महामंत्री रामपूत पाल, प्रदेश प्रभारी श्यामलाल यादव, बृजेश मिश्रा, राजीव यादव, सचिन मिश्रा, वेद वर्मा, रजनीश सिंह, सिकंदर खां, सुबोध वर्मा, रजनीश अवस्थी, जैनेंद्र सिंह, मानवेंद्र सिंह, अभिषेक, मिथिलेश यादव, अवधेश आदि रहे।