शाहजहांपुर। रक्षाबंधन के बाद रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ उमड़ रही है। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ को संभाल पाना मुश्किल हो गया है। भीड़ के मद्देनजर रेलवे के अफसरों ने एक अतिरिक्त काउंटर भी खुलवा दिया है, ताकि लोगाें की ट्रेन न छूटे।
त्योहार के समाप्त होने के बाद ट्रेनों के जरिये लोगों की वापसी का सिलसिला शुरू हो गया है। मंगलवार रात रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की काफी भीड़ उमड़ी। स्टेशन के बाहर निजी काउंटरों समेत रेलवे के काउंटरों पर यात्रियों की भीड़ रही। भीड़ अधिक होने पर हंगामे की स्थिति को देखकर सीएमआई एसके ठाकुर ने काउंटर से कर्मियों को बदल दिया और तेज टिकट बांटने वालों की ड्यूटी लगाई। बुधवार को एक अतिरिक्त काउंटर खोलकर यात्रियों को राहत दी गई है।
हस्ताक्षर अभियान चलाकर दिया स्वच्छता का संदेश
रेलवे स्टेशन पर स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत संकल्प हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। प्लेटफॉर्म नंबर एक पर स्टेशन अधीक्षक पीएस तोमर ने हस्ताक्षर कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद रेलवे के अधिकारी-कर्मचारियों व यात्रियों ने हस्ताक्षर कर स्वच्छता रखने का संकल्प लिया। सीएचआई त्रिलोक चंद्र, एचआई शशांक पांडेय, भरत विष्ट, सीपीएस शिवम सक्सेना, शुभम मिश्रा आदि मौजूद रहे।