शाहजहांपुर। गन्ना शोध परिषद में 30 अक्तूबर को आयोजित होने वाले मिठास मेले का उद्घाटन अपर मुख्य सचिव, गन्ना एवं चीनी उद्योग विभाग वीना कुमारी करेंगी। यह जानकारी परिषद के निदेशक अभिषेक आनंद ने दी।
निदेशक ने बताया कि मेले का प्रमुख आकर्षण उन्नत गन्ना किस्मों के सिंगल बड बीजों का वितरण होगा। इस अवसर पर नवीन गन्ना किस्म को.शा 23232 के दो लाख और कोशा 19231 के एक लाख सिंगल बड बीज किसानों को वितरित किए जाएंगे। इससे किसानों को उन्नत किस्मों की गुणवत्तायुक्त रोपण सामग्री उपलब्ध कराने तथा गन्ना उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने में सहायता मिलेगी। मेले में गन्ना विभाग और चीनी मिलों द्वारा तकनीकी प्रदर्शनी और स्टॉल लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से किसानों को नवीन गन्ना किस्मों, वैज्ञानिक खेती की विधियों, कृषि यंत्रीकरण तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न कृषक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। साथ ही, प्रदेश के विभिन्न परिक्षेत्रों से चयनित प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया जाएगा। महिला सशक्तीकरण एवं ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महिला स्वयं सहायता समूहों को भी पुरस्कृत किया जाएगा।