बैटिंग करते अभिनेता राजपाल यादव
- फोटो : अमर उजाला
शाहजहांपुर के जीएफ कॉलेज मैदान पर वरिष्ठ भाजपा नेता निर्भय चंद्र सेठ ‘जापान बाबू’ की पुण्य स्मृति में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट में बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उनको अपने पास देखकर खिलाड़ी फूले नहीं समाए। मैच में निगोही को छह विकेट से हराकर क्रॉउन टीम विजेता रही।
शुक्रवार को पहले बल्लेबाजी करने उतरी निगोही की टीम ने 16 ओवर सभी विकेट खोकर कुल 89 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए क्रॉउन टीम के खिलाड़ियों ने मात्र 13 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर लक्ष्य को प्राप्त कर लिया। इस तरह से छह विकेट से जीत हासिल कर ली। मैन ऑफ द मैच मयंक शर्मा को चुना गया।
खिलाड़ियों से मिलाया हाथ
इससे पहले मैच की शुरुआत बॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता व कॉमेडी के बादशाह राजपाल यादव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करके की। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह शहीदों की नगरी है। यहां का हर बच्चा आगे बढ़कर अपना, जिले का और देश का नाम रोशन करे। यही उनका सपना है।
उन्होंने अपनी यादों को साझा करते हुए खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और शुभकामनाएं दी। इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र पाल यादव, टूर्नामेंट आयोजक व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह यादव, नियामतपुर प्रधान अभय सिंह, सचिन यादव, राहुल आदि मौजूद रहे।