कलान। ग्राम पंचायत खजुरी के विकास कार्यों में कथित घोटाले की मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल के निर्देश पर बरेली की सीडीओ दिव्यानी यादव के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को आई पांच सदस्यीय टीम स्थलीय जांच करके लौट गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
गांव की पूर्व प्रधान नीतू सिंह के ससुर महिपाल सिंह द्वारा लोकायुक्त से की गई शिकायत पर यह जांच हुई है। उन्होंने ग्राम पंचायत के हैंडपंपों की स्थापना, इंटरलाॅकिंग मार्ग, दिव्यांग शौचालय, स्ट्रीट लाइटों में मानक का उल्लंघन कर सरकारी धनराशि का घोटाला किए जाने की शिकायत की थी। खंड विकास अधिकारी रवि सिंह ने बताया कि जांच रिपोर्ट के बाद अधिकारियों के आदेश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद