शाहजहांपुर। महानगर में सार्वजनिक स्थानों पर सड़कों के किनारे विभिन्न राजनीतिज्ञों के प्रशस्ति गान और कंपनियों के प्रचार को जगह-जगह लगाए गए अवैध होर्डिंग्स और फ्लैक्सी बैनर्स पर नगर निगम की जेसीबी शनिवार को फिर चली। इस बार अभी तक बैनर-होर्डिंग का ठेका नहीं होने के बावजूद शहर में प्रचार सामग्री बढ़ने से चौराहों-तिराहों की दृश्यता प्रभावित हो रही थी। इससे तीखे मोड़ पर दुर्घटनाएं भी हो रही थीं। नगर आयुक्त के निर्देश पर इस काम के लिए नियुक्त किए गए पूर्व सैनिकों की टीम ने नगर निगम के कर्मचारियों के साथ शहर में कई स्थानों पर अवैध होर्डिंग ढहाकर प्रचार सामग्री जब्त कर ली।
गत वर्ष नगर निगम में बैनर-होर्डिंग का 90 लाख रुपये का ठेका हुआ था। इस बार इतनी बड़ी रकम लगाने को कोई ठेकेदार तैयार नहीं हुआ। नतीजे में लोगों ने कोई रोक-टोक नहीं होने पर शहर में विभिन्न स्थानों पर बड़े साइज वाले होर्डिंग लगाने शुरू कर दिए। पिछले दिनों नगर निगम की टीम के साथ पूर्व सैनिकों ने रोडवेज बस स्टेशन और अंटा चौराहा के पास ऐसी तमाम प्रचार सामग्री जेसीबी से तहस-नहस कर जब्त कर ली थी। बीच में यह अभियान थमने पर जेल रोड, टाउनहाल रोड, केरूगंज, गर्रा फाटक, अजीजगंज मोड़, बरेली मोड़ आदि के आसपास होर्डिंग की भरमार होने लगी। इसे देखते शनिवार को नगर आयुक्त के निर्देश पर दोबारा होर्डिंग्स हटाने का अभियान चलाया गया। जब्त प्रचार सामग्री निगम के रोशनी गोदाम में रखवाई गई है।