मुरादाबाद मंडल के अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (एसीएमएस) सीएस रावत शनिवार को स्टेशन पर साफ-सफाई देखने के लिए सियालदाह एक्सप्रेस से करीब ढाई बजे पहुंचे। ट्रेन से उतरकर उन्होंने पैसेंजर हॉल देखा। इसके बाद प्लेटफार्म के गड्ढों में मिट्टी भरी देखकर सही कराने को कहा। गड्ढों को दुरुस्त कराने के लिए आईओडब्ल्यू के बारे में पूछा तो वह नदारद मिले।
इसके बाद वेटिंग रूम, एसएस ऑफिस, वीआईपी रूम आदि का निरीक्षण किया। जैन भोजनालय में पहुंचे, जहां रसोइयों के यूनिफार्म में न मिलने पर कारण पूछा। इसके बाद पूड़ी सब्जी की कैंटीन का निरीक्षण कर पूड़ियों को तोलने के लिए कहा, लेकिन कांटा-बांट न होने पर नहीं तोला जा सका। जहां चूना पुताई नहीं थी, उसे ठीक कराने को कहा। मेन गेट की ओर बने सर्कुलेटिंग एरिया में कार पार्किंग के पास गंदगी मिलने पर नाराज हो गए और ठेकेदार पर जुर्माना लगाने के लिए कहा। वाहन स्टैंड संचालक को सफाई व्यवस्था नियमित रखने को कहा।
इसके बाद वह पे एंड यूज शौचालय देखने के लिए पहुंचे तो वहां पर गंदगी देखकर उनका पारा चढ़ गया। रावत ने एसएस एके गौतम से शौचालय को तत्काल दुरुस्त कराने के लिए कहा। साथ ही वहां पर सफाई व्यवस्था को भी सुधारने के लिए कहा। वहां से प्लेटफार्म पर वापस लौटे तो साफ सफाई देखकर उनका मूड सही हुआ। रावत ने स्वास्थ्य निरीक्षकों से कहा कि स्टेशन परिसर में सफाई व्यवस्था पहले से बेहतर है, लेकिन अभी और सुधार किए जाने की जरूरत है। वह शाम करीब पांच बजे सद्भावना एक्सप्रेस से वापस चले गए। इस मौके पर मुरादाबाद के मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक, सीनियर डीएमओ डॉ. संजय रॉय, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक त्रिलोकचंद, स्वास्थ्य निरीक्षक प्रीतम सिंह, पीएस बिष्ट आदि मौजूद रहे।