कांट। शाहजहांपुर से कृभको फर्टिलाइजर्स कॉलोनी आ रहे बुजुर्ग की सड़क हादसे में मौत हो गई।
कृभको फर्टिलाइजर्स नगर कॉलोनी निवासी अखिलेश वार्ष्णेय ने कांट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसके पिता सुरेश चंद वार्ष्णेय (74) शाहजहांपुर से टेंपो से कॉलोनी आ रहे थे। इंडेन गैस प्लांट के सामने इनोवा कार ने टेंपो में टक्कर मार दी। इससे उसके पिता सुरेश चंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल लेकर गए जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। टेंपो में बैठे अन्य कई लोगों को भी हल्की चोटें आईं हैं। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
-
टेंपो बस से टकराया, चालक घायल
निगोही। पीलीभीत डिपो की रोडवेज बस पीलीभीत से सवारी लेकर मंगलवार सुबह आठ बजे शाहजहांपुर के लिए चली। शाहजहांपुर- पीलीभीत सीमा के कठिना नदी के गांव खनका पुल पर बस सवारी उतार रही थी। बीसलपुर की ओर से निगोही की ओर आ रहा टेंपो खड़ी बस से पीछे से टकरा गया। इससे खनका गांव का रहने वाला टेंपो चालक प्रमोद कुमार (33) घायल हो गया। खनका चौकी पुलिस ने घायल टेंपो चालक को पीलीभीत जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में दोनों पक्षों का समझौता हो गया। संवाद