निगोही पुलिस की गिरफ्त में मुठभेड़ में पकड़ा गया आरोपी। स्रोत: पुलिस
शाहजहांपुर। महिला के कुंडल नोचने के आरोपी से सोमवार रात निगोही थाना पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस की गोली पैर में लगने से आरोपी हरदोई के थाना व कस्बा शाहाबाद निवासी वीरेश उर्फ शिवा राठौर घायल हो गया। सीएचसी पर प्राथमिक उपचार के बाद आरोपी को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। आरोपी के पास से तमंचा, कारतूस बरामद हुए हैं।
एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने बताया कि सोमवार रात निगोही थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह पुलिस बल के साथ पुवायां रोड पर रेलवे क्राॅसिंग के पास चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि हमजापुर बाइपास पर महिला के कुंडल छीनने का आरोपी लूट करने के इरादे से चोरी की बाइक से पुवायां की ओर से आ रहा है।
थाना प्रभारी ने पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस टीम को देखते ही हेलमेट लगाए आरोपी वीरेश ग्राम कटैया उस्मानपुर की तरफ भागा। पुलिस को पीछा करता वह देख बाइक समेत हड़बड़ाकर गिर गया। इसके बाद आरोपी बाइक छोड़कर पुलिस पर फायरिंग करते हुए जंगल की ओर भागा। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी फायरिंग से एक गोली आरोपी के दाहिने पैर में लगी है।
लूट, चोरी, धोखाधड़ी के दर्ज हैं 10 मुकदमे
एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी पर विभिन्न थानों में करीब 10 मुकदमे दर्ज हैं। सन 2015 में धोखाधड़ी व आर्म्स एक्ट के दो मुकदमे थाना सदर बाजार में दर्ज कराए गए थे। 2021 में शाहाबाद थाने में लूट का मुकदमा दर्ज हुआ था। 2021 में ही पिहानी थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। साथ ही 2023 में हरदोई कोतवाली में लूट, धोखाधड़ी, आरसी मिशन थाने में लूट, थाना सदर बाजार में चोरी की रिपोर्ट दर्ज है।