शाहजहांपुर के निगोही क्षेत्र में पुलिस ने सोमवार रात मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके पैर में गोली लगी है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने एक महिला के कान से कुंडल नोचे थे। पीड़ित ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
शाहजहांपुर जिले में महिला के कुंडल नोचने के आरोपी से सोमवार रात निगोही थाना पुलिस से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की गोली पैर में लगने से आरोपी घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने बताया कि निगोही इलाके में पुलिस की चेकिंग के दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि महिला के कुंडल नोचकर भागने वाला आरोपी से हमजापुर बाइपास के पास चोरी की बाइक से फिर किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में है। इस पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी बाइक ग्राम कटैया उस्मानपुर की ओर मोड़कर भागने लगा। पुलिस टीम के पीछा करने पर आरोपी की बाइक गिर गई।
हरदोई का रहने वाला है आरोपी
जिसके बाद आरोपी ने जंगल की तरफ भागते हुए पुलिस पर फायर करना शुरू कर दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हरदोई जिले के थाना शाहबाद निवासी वीरेश उर्फ शिवा दाहिने पैर में गोली लगने से घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से तमंचा, कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपी को सीएचसी भेजा गया, जहां से उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।