निगोही पुलिस की गिरफ्त में आरोपी चंकी। स्त्रोत-पुलिस
शाहजहांपुर। निगोही थाना क्षेत्र के गांव डींग निवासी मंगली (50) की एयरगन से हत्या के आरोपी चंकी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को ग्राम ऐंठापुर के मोड़ पर खोखे के पास से पकड़कर जेल भेज दिया गया है।
बुधवार सुबह मंगली अपने घर के बाहर कुर्सी पर बैठे थे तभी पड़ोसी गांव भवानीपुर का चंकी आया और मंगली के घर के अंदर जाकर उनकी एयरगन उठा ली। जान से मारने की नीयत से ट्रिगर दबा दिया। एयरगन का छर्रा कनपटी पर लगने के बाद वह कुर्सी से गिर पड़े। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गया। शाम करीब छह बजे निजी अस्पताल में मंगली की मौत हो गई। परिजन शव लेकर थाने गए और आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। मृतक के बेटे बबलू की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी चंकी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। एसपी सिटी सुधीर जायसवाल ने मौका-मुआयना किया था। निगोही इंस्पेक्टर राजेश सिंह ने प्रकाश राना उर्फ चंकी को गिरफ्तार कर लिया।