रोजा थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शुरू की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। दस दिन पूर्व रोजा क्षेत्र में घायल हुईं महिला मोर्चा की महामंत्री रामखिलौना के पति ने कार से टक्कर मारने का आरोप लगाया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला चिनौर निवासी मनोज वर्मा ने रोजा थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उनकी पत्नी राम खिलौना भाजपा की भावलखेड़ा मंडल से महिला मोर्चा की महामंत्री हैं। दो सितंबर को पत्नी को रोजा के कैलाशनगर स्थित ओवरब्रिज के पास एक धार्मिक कार्यक्रम में केसरिया हिन्दू वाहिनी की अंजू देवी ने बुलाया था।
आरोप है कि अंजू देवी पत्नी से किसी बात की रंजिश मानती हैं। आरोप है कि अंजू देवी के बेटे छोटू ने लापरवाही से तेज रफ्तार कार से मैदान में खड़ीं पत्नी रामखिलौना को टक्कर मार दी। इससे पत्नी को गंभीर चोटें आईं। पत्नी का जिला अस्पताल में उपचार कराया। अब अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद थाने आए हैं। अपराध निरीक्षक गंगा सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।