सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि शुक्रवार की रात प्रहलादपुर कमलनैनपुर निवासी चंद्रपाल ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कांट क्षेत्र के गढ़ी पूर्वी निवासी समीर व उसके तीन साथियों ने उसके पुत्र गौतम पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। अस्पताल में चिकित्सकों ने गौतम को मृत घोषित कर दिया। मामले में थाना कांट में हत्या का मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी समीर को गिरफ्तार कर लिया गया था।
पुलिस बोली- आरोपी ने चाकू से हमला किया
शनिवार देर रात पुलिस टीम आरोपी समीर को घटना में प्रयुक्त चाकू की बरामदगी के लिए दिलावरपुर के जंगल में लेकर गई। पुलिस के अनुसार, चाकू बरामद करते ही आरोपी ने अचानक पुलिस टीम पर हमला कर दिया और भागने लगा। हमले में एक सिपाही के बाएं हाथ में चोट आई। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिससे आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी और घायल सिपाही को पहले सीएचसी कांट ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।