जैतीपुर। बैसरी गांव के महेश का बेटा अखिलेश (25) जैतीपुर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता था।
बताते हैं कि अखिलेश भट्ठे से मंगलवार दोपहर करीब दो बजे फतेहगंज पूर्वी के बाजार गया था, जिसके बाद नहीं लौटा। फतेहगंज पूर्वी में बहगुल नदी से आगे पोल नंबर 1270 पर रात करीब पौने आठ बजे उसका शव अपलाइन पर पड़ा मिला। बिलपुर स्टेशन से फतेहगंज पूर्वी थाने में मेमो भिजवाया गया। मौके पर पहुंचे कस्बा इंचार्ज रामौतार सिंह ने शव को ट्रैक से हटवाया। इस दौरान एक घंटे तक मालगाड़ी खड़ी रही। फतेहगंज पुलिस ने घटनास्थल मीरानपुर कटरा थाने में होने पर इसकी सूचना यहां की पुलिस को दी। शव के पास मिले मोबाइल से एक रिश्तेदार सर्वेश को सूचना दी। तब जाकर शव की पहचान हो सकी। महेश पहले कटरा थाना क्षेत्र के धर्मपुर कंकलिया गांव में रहते थे। अब जैतीपुर क्षेत्र के बैसरी गांव में रहने लगे थे। पिता महेश ने बताया कि उसे समझ में नहीं आ रहा है कि अखिलेश वहां पर कैसे पहुंचा? संवाद