निगोही। बाइक और मोपेड की टक्कर में बुजुर्ग समेत दो लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को राजकीय मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
गांव गुरगवां निवासी रामसरन (60) बृहस्पतिवार की शाम टिकरी के पास बाजार से सब्जी लेकर मोपेड से अपने घर लौट रहे थे। गांव मदारीपुुुर निवासी दिलशाद (18) भी बाइक से टिकरी स्थित पेट्रोल पंप से डीजल लेकर वापस घर जा रहा था। मदारीपुुुर गांव के मोड़ के पास बाइक ने मोपेड सवार रामसरन को टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों लोग काफी दूर तक रगड़ते चले गए। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनो घायलों को एंबुलेंस से राजकीय मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने दोनों घायलों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर सुनते ही रामसरन और दिलशाद के परिजन राजकीय मेडिकल कालेज पहुंच गए। दोनों की मौत से परिवारो का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के वक्त मोपेड सवार रामसरन और बाइक सवार दिलशाद दोनों ही हेलमेट नहीं लगाए थे। संवाद