शाहजहांपुर। कांट इलाके में बृहस्पतिवार रात बाइक सवार दो युवकों को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर मौत हो गई। दोनों आपस में रिश्तेदार (साढ़ू) थे, जो हरदोई के रहने वाले थे। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। सिंधौली इलाके में हुए दूसरे हादसे में 62 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई।
हरदोई के शाहबाद थाना क्षेत्र के गांव पिड़वा निवासी नन्हें लाल (30) और उनके साढ़ू ग्राम हर्रई निवासी रमेश (28) बाइक पर यहां कांट इलाके में शादी में जा रहे थे। रास्ते में जमौर के पास उनकी बाइक में पीछे से आए ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेज दिया। जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस की सूचना पर परिवार वाले भी यहां पहुंच गए।
नन्हेंलाल के दो पत्नियां राम देवी व मान देवी और तीन बच्चे नौ साल की बेटी शिवांगी, सात वर्ष की अकांक्षा और बेटा लवलेश हैं। रमेश के परिवार में पत्नी गंगा देवी और तीन बच्चे हैं।
थाना सिंधौली क्षेत्र के गांव भटयूरा निवासी सुनील कुमार गुप्ता (62) शुक्रवार सुबह करीब चार बजे बाइक पर अपने एक रिश्तेदार के घर तेरहवीं संस्कार में जा रहे थे। रास्ते में ढकिया हमीदनगर गांव के पास पहुंचने पर उनकी बाइक में किसी वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल हालत में सुनील को जिला अस्पताल भिजवा दिया। जहां उन्हें डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए। सुनील के परिवार में पत्नी उषा देवी, बेटे सुमित (38), अमित) 36) और विनय (34) हैं।