शाहजहांपुर। बदायूं-फर्रुखाबाद रोड पर पटना देवकली मंदिर के पास बाइक सवार युवकों को ट्रैक्टर ट्राली ने टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
परौर थाना क्षेत्र के गांव कौंही निवासी सिराजुद्दीन (25) और उसका दोस्त रियाजुल (22) सोमवार सुबह बाइक पर जियारत के लिए बदायूं जा रहे थे। रास्ते में बदायूं-फर्रुखाबाद रोड पर पटना देवकली मंदिर के पास उनकी बाइक में ट्रैक्टर ट्राली ने टक्कर मार दी। इसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कलान ले जाकर भर्ती करा दिया। वहां से परिजन दोनों को बरेली एक निजी अस्पताल लेकर जा रहे थे। तभी रास्ते में सिराजुद्दीन की मौत हो गई। रियाजुल को बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बताई जाती है। इस हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर ट्राली मौके पर छोड़कर भाग गया।
सिराजुद्दीन के एक आठ माह का बेटा है। कलान थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर ट्राली को हिरासत में लेकर थाने में खड़ा करा दिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।