सेहरामऊ दक्षिणी में फसलों को जानवरों से बचाने के लिए खेत में लगाई गए इन्हीं तारों की बाढ़ में उलझ ?
- फोटो : SHAHJAHANPUR
सेहरामऊ दक्षिणी (शाहजहांपुर)। फसलों को जानवरों से बचाने के लिए लगाए गए ब्लेड वाले तारों की बाड़ में एक बाइक घुस गई। जिसमें गला कटने से युवक की मौत हो गई जबकि उसके दो दोस्त घायल हो गए। एक युवक को गंभीर हालत में बरेली रेफर किया गया है। नाराज परिजन ने खेत स्वामी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हरदोई-शाहजहांपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के कार्रवाई के आश्वासन के बाद करीब एक घंटे बाद जाम खुला। चालक ने हेलमेट नहीं लगाया था, ट्रिपिल राइडिंग कर रहे थे।
सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र के गांव बादशाह नगर निवासी सचिन (25) अपने साले अजीत (17) व अपने एक साथी विपिन (20) के साथ रोजा क्षेत्र में स्थित अपनी ससुराल अटसलिया गांव आ रहा था। सोमवार दोपहर दो बजे सुजातपुर और जलालपुर गांव के बीच पुलिया के पास बाइक अनियंत्रित होकर रिफाकत खां के खेत में लगे ब्लेड वाले तारों की बाड़ में जा घुसी। इससे बाइक चला रहे सचिन का गला बुरी तरह से कट गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अजीत और विपिन को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा। जहां से डॉक्टर ने अजीत को बरेली रेफर कर दिया। गुस्साए परिजन ने ग्रामीणों के साथ हरदोई-शाहजहांपुर मार्ग पर सचिन का शव रखकर लगभग एक घंटे तक जाम लगाए रखा। सड़क जाम होने की सूचना पर पहुंचे एसडीएम सदर, सीओ सदर और थाना प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह आदि मौके पर पहुंचे। काफी देर तक परिजन को समझाने के बाद पुलिस ने खेत स्वामी के विरुद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब जाकर परिजन सचिन का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने के लिए तैयार हुए। पुलिस ने खेतस्वामी रिफाकत खां के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। विपिन का इलाज गांव में ही चल रहा है। सचिन का एक साल का बेटा है। पत्नी विनीता और मां का रो-रोकर बुरा हाल है।