खुटार। शुक्रवार रात को भतीजे की शादी में शामिल होने जा रहे चाचा की हादसे में मौत हो गई, जबकि एक युवक मामूली रूप से घायल हो गया। हादसे से शादी वाले घर में कोहराम मचा हुआ है।
जनपद लखीमपुर खीरी के थाना पसगवां के गांव सहिजना निवासी अमरनाथ के पुत्र मोनू की शादी खुटार क्षेत्र के गांव चतुरपुर निवासी मुंशीलाल की पुत्री से तय हुई थी। शुक्रवार को बरात आनी थी। मोनू का सगे चाचा 30 अर्जुन कुमार बाइक से अपने फुफेरे भाई राममोहन के साथ बरात में शामिल होने आ रहा थे। रात करीब दस बजे खुटार पूरनपुर मार्ग पर गांव मोहनपुर के पास पूरनपुर की ओर से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अर्जुन कुमार और राममोहन घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने 108 सेवा की एंबुलेंस को सूचना देकर घायलों को खुटार के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टर ने गंभीर घायल अर्जुन कुमार को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जबकि मामूली घायल राममोहन की मरहम पट्टी कर घर भेज दिया गया।
जानकारी पाकर बरात से भी कुछ लोग खुटार पहुंचे और बाद में जिला अस्पताल चले गए। लॉकडाउन के कारण बरात में आठ-दस लोग ही आए थे। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने अर्जुन कुमार को मृत घोषित कर दिया। अर्जुन के घर सूचना पहुंचते ही कोहराम मच गया। उधर, बेहद गमगीन माहौल में फेरे कराकर बरात को विदा कर दिया गया। अर्जुन की मौत से पत्नी सुदामा उर्फ प्रीति देवी, पुत्र निखिल, दीपक, नितिन पुत्री वैष्णवी का रो रोकर बुरा हाल है।